बरनाला/शैहणा | पंजाब सरकार राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए बड़े कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में ‘तंदुरुस्त पंजाब’ मिशन के तहत भदौड़ हलके में 20 करोड़ रुपये की लागत से 40 गांवों में आधुनिक खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं।
भदौड़ से विधायक लाभ सिंह उगोके ने गांव संधू कलां में निर्माणाधीन खेल मैदान का दौरा कर जानकारी दी कि गांव में 44 लाख रुपये से बहुउद्देश्यीय खेल मैदान और 23 लाख से वॉलीबॉल ग्राउंड बनाया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए स्टैंडर्ड क्रिकेट ट्रैक भी विकसित किया जा रहा है। इन मैदानों में वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, नेटबॉल और ट्रैक जैसे खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक उगोके ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेल से जोड़कर उन्हें एक सकारात्मक राह दिखाना है। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल के मैदान बनाना न सिर्फ युवाओं को फिट बनाएगा, बल्कि उन्हें नशे जैसे सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखेगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन मैदानों का अधिकतम लाभ उठाएं और मेहनत कर अपने माता-पिता और प्रदेश का नाम रोशन करें।
इस मौके पर स्थानीय पंचायतों और युवाओं ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की और भविष्य में ऐसे और प्रयासों की उम्मीद जताई।