हरियाणा | हरियाणा में मानसून अब पूरी रफ्तार में है। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों में जलभराव की समस्या खड़ी कर दी है। सड़कों से लेकर रिहायशी इलाकों तक पानी ही पानी नजर आ रहा है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने 30 जुलाई को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आज यहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जो कहीं-कहीं तेज भी हो सकती है। स्थिति पर नजर बनाए रखें और जरूरी न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें।