यमुनानगर | यमुनानगर जिले के कामी माजरा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गुरुवार सुबह एक 5 साल के बच्चे का शव गांव के ट्यूबवेल के पास नाले में पड़ा मिला। मृतक की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है, जो पांच बहनों का इकलौता भाई था। बच्चे के बुधवार शाम से ही लापता होने की सूचना थी और परिवार उसे रातभर ढूंढता रहा, लेकिन सुबह नाले से उसकी लाश मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों का हत्या का शक
प्रिंस के परिजनों ने इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार दिया है। उनका कहना है कि किसी ने जानबूझकर मासूम की हत्या कर शव नाले में फेंका है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश या जमीन संबंधी विवाद नहीं है।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी शुरू हो गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की असल वजह का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।