नई दिल्ली | अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की अर्थव्यवस्था को “डेड” करार देने और 25% टैरिफ लगाने की धमकी के बाद भारत की सियासत में घमासान मच गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने न सिर्फ ट्रंप के बयान का समर्थन किया, बल्कि मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जो ट्रंप कह रहे हैं, वो पूरी दुनिया जानती है – सिवाय पीएम और वित्त मंत्री के।”
ट्रंप बोले– भारत की ‘डेड इकोनॉमी’, राहुल ने कहा– सही कहा
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में कहा था कि भारत और रूस दोनों की अर्थव्यवस्थाएं “डेड” हैं, और अगर वे साथ कुछ करते हैं तो उन्हें फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने भारत पर 25% टैरिफ लगाने की बात भी कही है, जो 1 अगस्त से लागू होगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने संसद के बाहर कहा, “ट्रंप बिल्कुल सही कह रहे हैं। सबको पता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था खत्म हो चुकी है, यह सरकार सिर्फ एक आदमी को फायदा पहुंचा रही है।”
मोदी की चुप्पी पर सवाल
राहुल ने यह भी कहा कि पीएम मोदी ट्रंप की बार-बार की गई टिप्पणियों पर चुप हैं – चाहे वो सीजफायर का दावा हो, भारतीय विमानों के गिरने की बात हो या अब ये टैरिफ का मुद्दा। उन्होंने पूछा, “आखिर पीएम मोदी चुप क्यों हैं? कंट्रोल किसके हाथ में है?”
विदेश नीति पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने सरकार की विदेश नीति को भी निशाने पर लिया और कहा, “एक तरफ अमेरिका टैरिफ लगा रहा है, दूसरी ओर चीन सीमा पर अड़ा है और पाकिस्तान का कोई भी देश विरोध नहीं करता। देश को ऐसे नहीं चलाया जाता।”
BJP पर गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी की आर्थिक नीति पूरी तरह अडानी के लिए काम कर रही है और जनता को सिर्फ भ्रम में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा, “ट्रंप अब बताएंगे कि डील कैसी होगी, और मोदी वही करेंगे जो ट्रंप चाहेंगे।”
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब विपक्ष संसद में केंद्र सरकार की विदेश और आर्थिक नीतियों पर लगातार हमलावर है।