जींद/उचाना | हरियाणा के उचाना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के गर्भवती होने पर पुलिस ने उसके माता-पिता और पति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
यह मामला तब उजागर हुआ, जब पीड़िता को गर्भावस्था जांच के लिए उचाना सिविल अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान आधार कार्ड से खुलासा हुआ कि लड़की की उम्र महज 14 साल है। मामला सामने आते ही डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। मेडिकल अफसर डॉ. योगेश और एसएमओ डॉ. सुशील कुमार ने पूरी स्थिति की पुष्टि की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली है। 25 अप्रैल 2025 को उसके माता-पिता ने जबरन उसकी शादी कर दी थी। शादी के बाद वह पति के साथ कटिहार जिले के गांव में रहने लगी, जहां दो महीने पहले वह गर्भवती हो गई।
पुलिस ने इस मामले में नाबालिग के पिता विनोद, मां धन्नो देवी और पति पिंटू चौहान पर केस दर्ज कर लिया है। जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को बिहार ट्रांसफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।