नई दिल्ली | रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर को और आसान बना दिया है। अब यात्री कुछ चुनिंदा रूट्स पर ट्रेन छूटने से महज 15 मिनट पहले तक टिकट बुक कर सकेंगे। रेलवे की नई व्यवस्था के तहत आखिरी वक्त तक बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि खाली सीटों का बेहतर इस्तेमाल भी हो सकेगा।
इस फैसले के तहत रेलवे ने PRS सिस्टम में तकनीकी बदलाव किए हैं और शुरुआत में देशभर की 8 वंदे भारत ट्रेनों में यह सुविधा दी गई है। चेन्नई, बेंगलुरु, तिरुवनंतपुरम, विजयवाड़ा जैसे रूटों पर अब आखिरी पलों में भी सीट मिलना संभव होगा।
रेलवे के मुताबिक अब स्टेशनों पर रियल टाइम सीट स्टेटस उपलब्ध रहेगा, जिससे करंट बुकिंग आसान हो जाएगी। अचानक यात्रा करने वालों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा।
वर्तमान में देशभर में 144 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और इनकी औसत सीट भराव दर 100% से ज्यादा है। रेलवे का कहना है कि आने वाले समय में और भी ट्रेनों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।