पटना | बिहार की राजधानी पटना में सावन के पवित्र महीने के दौरान कांवड़ यात्रा पर निकले चार युवकों के साथ मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बैरिया बस स्टैंड के पास एक बेकाबू ट्रक ने इन बाइक सवार कांवड़ियों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंगाजल लेने जा रहे थे कांवड़िए
जानकारी के अनुसार, सभी युवक पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के चिपुरा कला गांव के रहने वाले थे और गंगाजल लेने के लिए गायघाट जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 20 वर्षीय नीरज कुमार और 23 वर्षीय बबलू कुमार की मौके पर ही जान चली गई। दो अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद बवाल, सड़क जाम और आगजनी
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने रास्ता जाम करते हुए टायरों में आग लगा दी और प्रशासन से मुआवजे की मांग करने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस को हालात काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रक जब्त, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से मुआवजे को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।