पलवल | पलवल में वीरवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब 11वीं कक्षा के छात्र गौरव (17) को शांति स्कूल की बस ने कुचल दिया। हादसा रेलवे रोड पर अमूल डेयरी के पास हुआ। गौरव खजूरका गांव का रहने वाला था और कैलाश नगर, पलवल में रहता था। यह पूरा हादसा सीसीटीवी में भी कैद हो गया।
परिजनों के अनुसार, गौरव स्कूल जाने के लिए बाइक पर सवार था। इसी दौरान रेलवे रोड पर अमूल डेयरी के पास पीछे से आ रही शांति स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गौरव सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और गौरव को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मृतक के दादा हरीचंद की शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
हरीचंद ने बताया कि गौरव उनके बेटे सतपाल का तीसरा बेटा था। परिवार में गौरव के दो बड़ी बहनें भी हैं, जिनमें एक बीए कर रही है और बड़ी बेटी नीट की तैयारी कर रही है। गौरव दोनों बहनों का अकेला भाई था। परिवार का कहना है कि स्कूल बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार की वजह से उनका बेटा दुनिया छोड़ गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है।