नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड उत्पादन का उद्घाटन किया। इसी अवसर पर उन्होंने सुजुकी की इलेक्ट्रिक व्हीकल ई-विटारा को हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी ने कहा, “आज से भारत में बनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 100 देशों को एक्सपोर्ट की जाएंगी। हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड मैन्युफैक्चरिंग की शुरुआत भी आज हो रही है। यह दिन भारत और जापान की दोस्ती को नया आयाम दे रहा है।”
उन्होंने बताया कि भारत की सफलता की कहानी की नींव करीब 13 साल पहले रखी गई थी। 2012 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने मारुति सुज़ुकी को हंसलपुर में जमीन अलॉट की थी। उस समय का विज़न “आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया” था, जो आज पूरी दुनिया में भारत के उत्पादन की पहचान बन गया है।
पीएम मोदी ने निवेशकों को भी संदेश दिया, “हर राज्य को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। निवेशकों को इतना कन्फ्यूजन होना चाहिए कि वे सोचें — मैं इस राज्य में जाऊं या उस राज्य में।”
उन्होंने सभी राज्यों को आमंत्रित करते हुए कहा, “आइए, रिफॉर्म्स, प्रो डेवलपमेंट और गुड गवर्नेंस में स्पर्धा करें। 2047 तक विकसित भारत बनाने की गति को तेज करें।”
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत के पास डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी और कुशल श्रमबल का बड़ा पूल है। इसलिए यह हर साझेदार के लिए विन-विन सिचुएशन है। आज भारत में बनी सुज़ुकी की गाड़ियां जापान को एक्सपोर्ट की जा रही हैं, जो भारत-जापान संबंधों की मजबूती और ग्लोबल भरोसे का प्रतीक है।