नूंह | हरियाणा के नूंह जिले में धर्म परिवर्तन का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि नगीना थाना क्षेत्र के मरोड़ा गांव निवासी चेतराम (45), उनकी पत्नी रेखा (39), बेटा शिवम (21), बेटी सोनम (19) और छोटा बेटा अरुण (8) ने इस्लाम धर्म अपना लिया है।
परिवार के गायब होने के बाद चेतराम के भाई सतबीर ने पुलिस में शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को लालच और दबाव देकर धर्म परिवर्तन कराया गया है। शिकायत में नगीना ब्लॉक के तीन लोगों – शहीद अटेरणा, अल्ली बलाई और सद्दीक मरोड़ा – के नाम भी दर्ज कराए गए हैं।
सतबीर का कहना है कि उनका परिवार 25 अगस्त की शाम से घर से लापता है और उन्हें सद्दीक के घर बड़कली गांव में छुपाकर रखा गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेखा, सोनम और अरुण को जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर कुछ एफिडेविट सामने आए हैं, जिनमें चेतराम और उनके परिवार ने खुद को स्वेच्छा से इस्लाम धर्म अपनाने की बात लिखी है। पुलिस ने पूरे परिवार को थाने बुलाकर पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, चेतराम और उनके परिजनों ने थाने में भी साफ कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म स्वीकार किया है और किसी दबाव में नहीं हैं।