पंजाब | पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर रखा है। मौसम विभाग ने मोगा, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और पठानकोट जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक 28 अगस्त को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन 30 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
गुरदासपुर और पठानकोट में हालात गंभीर होने पर भारतीय वायु सेना ने मोर्चा संभाला। मंगलवार को दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से लगभग 70 लोगों को 9 घंटे के लगातार ऑपरेशन के दौरान सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। वहीं, जिन इलाकों में रेस्क्यू संभव नहीं था, वहां वायु सेना ने पीने का पानी, भोजन और जरूरी दवाइयां पहुंचाईं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं, ताकि बारिश से प्रभावित लोगों को तुरंत मदद मिल सके।