भोपाल। मध्य प्रदेश से लापता हो रही युवतियों के मामलों ने पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। इंदौर की श्रद्धा और अर्चना के बाद अब रायसेन की युवती निकिता लोधी रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई थी। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन निकिता पंजाब के संगरूर से बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को कॉलेज फीस जमा करने घर से निकली निकिता वापस नहीं लौटी थी। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि निकिता अपने परिचित युवक मनीष के साथ भाग गई थी। मनीष रायसेन में हारवेस्टर चलाने का काम करता है।
दोनों ने पंजाब के संगरूर जिले के एक मंदिर में शादी कर ली और स्थानीय पुलिस से सुरक्षा के लिए आवेदन भी दिया था। रायसेन पुलिस निकिता को लेकर वापस लौटी है। पुलिस पूछताछ में निकिता ने बताया कि वह अपनी मर्जी से मनीष के साथ गई थी।
इससे पहले इंदौर की युवती श्रद्धा तिवारी भी अचानक लापता हो गई थी और बाद में उसने भी अपने प्रेमी से शादी करने की बात कबूल की थी। लगातार ऐसे मामलों ने प्रदेश में परिजनों और पुलिस के लिए सिरदर्द खड़ा कर दिया है।