फरीदाबाद | फरीदाबाद में वीरवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-22 स्थित संजय कॉलोनी के पास मछली मार्केट से गुजर रही कार अचानक गौंछी ड्रेन में गिर गई। हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पवन मोर्या, गौरव रावत और अमित झा के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में पुलिया से मुड़ते ही अनियंत्रित हो गई और सीधे ड्रेन में जा गिरी। कार के गिरते ही आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े और वाहन को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद शवों और कार को बाहर निकाला।
पुलिस जांच में पता चला कि कार अमित झा के नाम पर रजिस्टर्ड थी और तीनों मृतक आसपास के ही इलाके के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल शवों को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।