Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि अब तक राज्य को 3 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। जिला शिमला समेत कई इलाकों में बारिश से हालात बिगड़े हैं। उन्होंने बताया कि कई जिलों में पहले ही बारिश के अलर्ट को देखते हुए शिक्षण संस्थानों में छुट्टियां घोषित की जा चुकी हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिलाधीशों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक बारिश की स्थिति में शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों और गैर-शिक्षण स्टाफ़ को भी छुट्टी दी जा सकती है। साथ ही शिक्षकों को घर से ऑनलाइन पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस बरसात के मौसम में सतर्क रहें और सावधानी बरतें। रोहित ठाकुर ने कहा कि पहले कुल्लू, मंडी और चंबा जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए थे, लेकिन अब शिमला जिला भी भारी बारिश की चपेट में है। इसका असर सेब बहुल इलाकों पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावितों तक राहत पहुंचाने में लगातार जुटी हुई है और लोगों से सहयोग की अपील की।