पंजाब | पंजाब में लगातार हो रही तेज बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ऐसे हालातों को देखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही 3 सितंबर तक स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियां घोषित कर दी थीं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस चेतावनी के मद्देनज़र अब संभावना जताई जा रही है कि छुट्टियों को और बढ़ाया जा सकता है। पंजाब में 5 सितंबर को ईद-ए-मिलाद, 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और 7 सितंबर को रविवार होने के कारण पहले से ही अवकाश रहेगा, जिससे अनुमान है कि छुट्टियां अगले हफ्ते तक जारी रह सकती हैं।
हालांकि, शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। राज्य सरकार ने कहा है कि मौसम सामान्य होने तक छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोई भी निर्णय लिया जाएगा।