उत्तर कोरिया | उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन मंगलवार को अपनी विशेष ट्रेन से बीजिंग के लिए रवाना हो गए। बीजिंग में वे चीन और रूस के नेताओं के साथ द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति और जापानी आक्रामकता के खिलाफ चीन के प्रतिरोध की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशाल सैन्य परेड में शामिल होंगे।
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह किम के 14 साल के शासन में किसी प्रमुख बहुपक्षीय कार्यक्रम में पहली बार भाग लेने का मौका है। साथ ही, यह पहली बार होगा जब अमेरिका के विरुद्ध खड़े तीन शक्तिशाली नेता—किम जोंग उन, शी चिनफिंग और व्लादिमीर पुतिन—एक ही मंच पर दिखाई देंगे। हालांकि, अभी तक किसी त्रिपक्षीय बैठक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
केसीएनए ने बताया कि किम के साथ उनकी विदेश मंत्री चोए सोन हुई और अन्य उच्च अधिकारी भी मौजूद हैं। दक्षिण कोरिया की मीडिया का अनुमान है कि किम की ट्रेन सोमवार रात चीन के डाडोंग पहुंची और मंगलवार को बीजिंग में होंगी। रूस के राष्ट्रपति पुतिन भी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन और सैन्य परेड में शामिल होने के लिए पहले ही चीन पहुँच चुके हैं।विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यह परेड अमेरिका को संदेश देने और त्रिपक्षीय एकता दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर है।