यमुनानगर | यमुनानगर में मूसलाधार बारिश के बाद यमुना नदी उफान पर है। पहाड़ों से बहकर आने वाली कीमती लकड़ियों को निकालने के चक्कर में दो युवक तेज बहाव में बह गए। पुलिस अब लापता युवकों को खोजने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार हथिनीकुंड बैराज के पास कई लोग लकड़ियां निकालने के लिए नदी में उतरते हैं। बीते सोमवार को दो युवक लकड़ियां तैरती हुई देखकर उन्हें निकालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन तेज बहाव में दोनों बाहर नहीं निकल सके और पानी में बह गए।
एसपी कमलदीप गोयल सहित पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी ने चेतावनी दी है कि भविष्य में लकड़ी निकालने के लिए नदी में उतरने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आसपास के गांवों के सरपंचों को भी लोगों को सावधान करने की हिदायत दी गई है।