3 September, 2025
भारत के युकी भांबरी ने अपने जोड़ीदार न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ यूएस ओपन 2025 के पुरुष युगल वर्ग में इतिहास रचते हुए पहली बार ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।भांबरी-वीनस ने चौथी वरीयता प्राप्त जर्मनी की जोड़ी केविन क्रावित्ज़ और टिम पुएत्ज़ को मात्र एक घंटे 23 मिनट में सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराया। इस जीत के साथ दोनों अंतिम आठ में पहुंचे, जहां अब उनका सामना 11वीं वरीयता प्राप्त क्रोएशिया के निकोला मेक्टिक और अमेरिकी दिग्गज राजीव राम से होगा।
ओलंपिक डॉट कॉम के अनुसार, मैच में भांबरी-वीनस ने पहले सेट के नौवें गेम में जर्मन जोड़ी की सर्विस तोड़कर 6-4 से सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में भले ही उन्होंने छठे गेम में सर्विस गंवाई, लेकिन वापसी करते हुए सातवें और नौवें गेम में लगातार ब्रेक हासिल कर 6-4 से मुकाबला जीत लिया। इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में 14वीं वरीयता प्राप्त भांबरी-वीनस ने कोलंबिया के गोंजालो एस्कोबार और मेक्सिको के मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला को 6-1, 7-5 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया था। शुरुआती मैच में भी उन्होंने अमेरिकी जोड़ी मार्कोस गिरोन और लर्नर टिएन को 6-0, 6-3 से पराजित किया था।इस उपलब्धि के साथ युकी भांबरी ने भारतीय टेनिस में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है और देश की उम्मीदों को नई उड़ान दी है।