मोहाली | पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। फोर्टिस अस्पताल, मोहाली में भर्ती सीएम मान की पल्स रेट में सुधार हो रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
आज उन्हें देखने के लिए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद संजीव अरोड़ा पहुंचे। वहीं, सीएम की माता भी अपने बेटे का हाल जानने अस्पताल पहुंचीं।
मनीष सिसोदिया का बयान
मुलाक़ात के बाद मनीष सिसोदिया ने बताया कि बीती शाम मुख्यमंत्री मान की पल्स रेट अचानक गिरने के कारण तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अब उनकी हालत स्थिर है और एक-दो दिन में उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकता है।
सिसोदिया ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
तबीयत बिगड़ने के कारण
मुख्यमंत्री को अस्पताल में भर्ती कराने के पीछे बुखार, इंफेक्शन और दिल की धड़कन से जुड़ी समस्या बताई गई थी। फिलहाल, स्वास्थ्य में लगातार सुधार देखा जा रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही वे अस्पताल से घर लौट जाएंगे।