बहादुरगढ़ | हरियाणा के बहादुरगढ़ के गांव मांडौठी में सेना के 30 वर्षीय जवान विजय उर्फ भोलू (पुत्र रामकरण) ने मंगलवार शाम को अपने जीवन का अंत कर लिया। विजय अपने घर छुट्टी पर आए हुए थे। परिवार और ग्रामीण अभी तक नहीं समझ पाए हैं कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया।
जानकारी के अनुसार, विजय ने अपने ही प्लाट में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे।
विजय पंजाब के नाभा में लांस नायक के पद पर तैनात थे। उनके रिटायरमेंट में मात्र एक साल बाकी था। मांडौठी चौकी प्रभारी राकेश ने बताया कि विजय पिछले छह महीने से छुट्टी पर घर थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की संभावना जताई गई है, लेकिन इसके पीछे के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुए हैं।