हिसार | सिविल लाइन पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा को मंगलवार को सेंट्रल जेल-2 से लाकर न्यायिक दंडाधिकारी सुनील कुमार की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को अधूरे चालान की कॉपी सौंप दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे फिर जेल भेज दिया। इस मामले की अगली सुनवाई 1 अक्तूबर को होगी।
पुलिस ने 14 अगस्त को अदालत में चालान पेश किया था। आरोपी ज्योति ने चालान की पूरी कॉपी की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने आवेदन देकर कहा कि उसे पूर्ण चालान की कॉपी नहीं दी जाए। अदालत ने इस पर फैसला करते हुए पूर्ण चालान की कॉपी न देने का आदेश दिया।
ज्योति के वकील, कुमार मुकेश, ने बताया कि चालान चेकिंग के लिए अगली सुनवाई 1 अक्तूबर को होगी और आरोपी ज्योति की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंस (वी.सी.) के माध्यम से होगी।
सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले में 16 मई को नई अग्रसैन एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया था।