रोहतक | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” राष्ट्रीय अभियान के तहत हरियाणा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा रोहतक में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
सुबह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक शहर के सुभाष चौक से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और मानसरोवर पार्क में पौधारोपण किया। इसके साथ ही उन्होंने सुभाष चौक से “नशा मुक्त हरियाणा” की नमो मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
दोपहर दस बजे, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर-2 स्थित नगर निगम की भूमि पर विकसित किए जा रहे नमो मियावाकी वन में पौधारोपण करेंगे।
इसके बाद दोनों नेता महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय स्थित टैगोर सभागार में आयोजित स्वास्थ्य प्रदर्शनी, हेल्थ चैकअप कैंप, रक्तदान शिविर और पोषण अभियान के तहत “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12 बजे लाइव जुड़ेंगे।