दिल्ली | दिल्ली के अशोक विहार इलाके में बड़ा हादसा सामने आया। सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12 बजे अशोक विहार स्थित एक अपार्टमेंट के पास हुई। यहां चार सफाई कर्मचारी सीवर की सफाई कर रहे थे। इस दौरान अचानक जहरीली गैस का रिसाव हुआ और सभी उसकी चपेट में आ गए। गंभीर प्रभाव झेल रहे अरविंद (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी तीन कर्मचारियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस घटना ने एक बार फिर सीवर सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपकरणों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।