चंडीगढ़ | पंजाब की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ संभावित गठबंधन का समर्थन किया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक दलों में प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। वहीं अब बीजेपी पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा का महत्वपूर्ण बयान सामने आया है।
कैप्टन के बयान पर BJP की सफाई : “पार्टी का स्टैंड अलग, विचार व्यक्तिगत”
अश्विनी शर्मा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की टिप्पणी उनके निजी विचार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही पूरी तरह स्पष्ट रणनीति के साथ काम कर रही है और राज्य की सभी 117 सीटों पर संगठन मजबूत कर चुनावी तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी पंजाब में अपने संगठनात्मक ढांचे का विस्तार कर रही है और “पूरी निष्ठा और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के साथ 117 सीटों पर फोकस बढ़ा रही है।”
अश्विनी शर्मा का हरसिमरत कौर पर तंज
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अश्विनी शर्मा ने कटाक्ष किया, “हरसिमरत कौर कब से ज्योतिषी बन गईं?”
उन्होंने कहा कि राजनीति में भविष्यवाणियां नहीं चलतीं और “पंजाब की जनता बीजेपी को एक विकल्प के रूप में देख रही है, क्योंकि राज्य में कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद और ड्रग्स की चुनौती बढ़ी है।”
“पंजाब के किसान भी हरियाणा जैसी MSP व्यवस्था चाहते हैं”
अश्विनी शर्मा ने दावा किया कि पंजाब के किसान भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर हरियाणा जैसे मॉडल की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ही वह पार्टी है जो पंजाब को विकास, सुरक्षा और स्थिर नेतृत्व दे सकती है।