रोहतक | जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 10 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद थाना सदर पुलिस ने अज्ञात पिकअप डाला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता प्रेम चन्द्र, निवासी गांव खिड़वाली, ने बताया कि वह परचून की दुकान चलाते हैं और सामान खरीदने के लिए अक्सर रोहतक आते-जाते हैं। 30 नवंबर को वे अपने भाई की स्कूटी पर अपनी 10 वर्षीय बेटी अंशिका के साथ रोहतक जा रहे थे। लगभग 11:30 बजे जब वे सुंदरपुर और रोहतक के बीच स्थित दर्शन योग महाविद्यालय रजवाहे के पास पहुंचे, तभी रोहतक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप डाला ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद प्रेम चन्द्र और उनकी बेटी सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के चलते अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम चन्द्र को भी चोटें आईं। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।