Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में स्थित मस्जिद में इस सप्ताह जुम्मे की नमाज़ शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई। करीब एक सौ से अधिक लोगों ने मस्जिद पहुंचकर नमाज़ पढ़ी। पिछले दिनों मस्जिद की वैधता को लेकर उठे विवाद और चर्चा के बीच नमाज़ियों ने बिना किसी विरोध के मस्जिद में प्रवेश किया और धर्मिक प्रार्थना संपन्न की।
नमाज़ अदा करने पहुंचे समुदाय के लोगों ने कहा कि मस्जिद में शांति और सद्भाव के साथ नमाज़ पढ़ी गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामाजिक सौहार्द बना रहेगा और मुद्दे का समाधान न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से निकलेगा। नमाज़ियों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में आपसी सम्मान और भाईचारा कायम रहना चाहिए।संजौली मस्जिद से जुड़ा मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। जिला अदालत ने पहले इसे अवैध घोषित किया था, जिसके बाद यह विवाद दोबारा चर्चा में आ गया। अदालत के फैसले के बाद कुछ संगठनों ने मस्जिद में धार्मिक गतिविधियाँ रोकने की मांग उठाई थी। इसको लेकर कुछ स्थानीय नेताओं ने अनशन भी किया था, हालांकि बाद में मामला न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद स्थगित हो गया।
हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि मामला न्यायालय में होने के कारण उन्होंने संयम और धैर्य बनाए रखने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि अदालत का निर्णय आने के बाद ही आगे की दिशा तय होगी। संगठनों ने राज्य सरकार पर कुछ निर्णयों को लेकर नाराज़गी भी व्यक्त की और कहा कि प्रशासन को संवेदनशील मुद्दों पर संतुलित और स्पष्ट नीति अपनानी चाहिए ताकि अनावश्यक तनाव न पैदा हो।स्थानीय समाज के कई सदस्यों का कहना है कि अदालत के फैसले का सम्मान सभी पक्षों को करना चाहिए और समुदायों के बीच समरसता बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। शहर के लोग उम्मीद जता रहे हैं कि विवाद का समाधान शांति और कानून के दायरे में रहकर निकलेगा, ताकि शिमला अपनी पारंपरिक सौहार्दपूर्ण पहचान बनाए रख सके।