Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: ग्राम पंचायत बलोह की प्रधान लता देवी ने नई दिल्ली में आयोजित महिला लीडरशिप कॉन्क्लेव में हिस्सा लेकर हमीरपुर जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। 14 अगस्त को कमला देवी कॉम्प्लेक्स, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित इस कॉन्क्लेव में लता देवी ने ‘पंचायत से संसद तक’ विषय पर आयोजित सत्र में पैनलिस्ट एवं महिला वक्ता के रूप में भाग लिया।कॉन्क्लेव में उन्होंने पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी प्रभावी भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक, आर्थिक और विकासात्मक निर्णयों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के अनुभवों को साझा करते हुए महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।
लता देवी ने महिलाओं की संसद में 33 प्रतिशत भागीदारी के मुद्दे को लेकर भी अपना मजबूत पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति और निर्णय लेने वाले संस्थानों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने से लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि पंचायत प्रधान के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने खुद को हर स्तर पर सक्षम महसूस किया है। कॉन्क्लेव में हुई चर्चा के बाद उन्होंने आगामी 23 से 29 नवंबर तक नई दिल्ली में संसद के बाहर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में भाग लेने के लिए भी अपना नाम दर्ज करवाया है।
नशे के खिलाफ भी सक्रिय पहल
लता देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत बलोह में युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए कई स्तरों पर काम किया गया है। पंचायत को चिट्टा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस के सहयोग से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रयास किए गए हैं। इसके अलावा युवाओं की पुलिस के साथ ऑनलाइन वर्चुअल काउंसलिंग भी करवाई गई, ताकि उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा सके और इस बुराई से दूर रखा जा सके।उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व केवल पंचायत तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं को विधानसभा और संसद जैसे व्यापक लोकतांत्रिक मंचों पर भी अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के अवसर मिलने चाहिए।ग्राम पंचायत बलोह की प्रधान लता देवी की राष्ट्रीय स्तर के इस कॉन्क्लेव में सहभागिता को पंचायत स्तर पर महिला नेतृत्व की आवाज को दिल्ली तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके विचारों और स्थानीय स्तर पर किए जा रहे सामाजिक कार्यों से ग्रामीण महिलाओं को नेतृत्व के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।