Summer express/चंबा,मंजूर पठान-:चंबा जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। चंबा-मसरूंड मार्ग पर करीब दो बजे एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग गांव कुठेड़ के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का कोई अवसर नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।अंधेरा और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव अभियान चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने लंबे प्रयास के बाद खाई में गिरे सभी शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया।ग्राम पंचायत मसरूंड के उप प्रधान रवि कुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए बेहद दुखद घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।