जालंधर । महानगर जालंधर समेत पूरे पंजाब में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने 25 और 26 दिसंबर के लिए शीत लहर की चेतावनी जारी की है, जबकि 28 दिसंबर तक प्रदेश में ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पंजाब में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस गुरदासपुर में दर्ज किया गया है। अगले दो दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की आशंका है, जिससे कंपकंपा देने वाली ठंड बढ़ेगी।
अनुमान है कि नववर्ष से पहले ठंड और तेज होगी, वहीं धुंध का असर भी बढ़ेगा। खासकर पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में धुंध का प्रभाव ज्यादा देखने को मिला। शाम ढलते ही कई क्षेत्रों में घनी धुंध छा गई, जिससे सर्दी का असर और बढ़ गया। देर शाम हाईवे पर कई स्थानों पर धुंध के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार पंजाब इस समय ऑरेंज अलर्ट जोन में है और शीत लहर का खतरा बना हुआ है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों और अन्य उपायों का सहारा ले रहे हैं।