पंचकूला | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित PWD रेस्ट हाउस में आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग–2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना, उनके विचारों को मंच प्रदान करना और भविष्य के नेतृत्व को तैयार करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को हरि झंडी दिखाकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और उनके विचारों, पहल और नेतृत्व के माध्यम से ही भारत सशक्त और विकसित बन सकता है। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें अपने सुझाव और विचार साझा करने का अवसर भी प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए युवा नेता, छात्र, सामाजिक संगठन और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को केवल मंच देना ही नहीं था, बल्कि उन्हें यह समझाना भी था कि वे अपने प्रयासों से समाज और राष्ट्र निर्माण में कैसे योगदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और इस तरह के संवाद उन्हें प्रेरित करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।