हिसार। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से सभी पुराने बिजली मीटर बदले जाएंगे और उनकी जगह आधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों विकल्प मिलेंगे, ताकि लोग अपनी सुविधा के अनुसार बिजली भुगतान प्रणाली चुन सकें।
अनिल विज ने कहा कि इस नई व्यवस्था से बिजली आपूर्ति और बिलिंग सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही उपभोक्ताओं को समय पर सही जानकारी और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था काफी हद तक संतोषजनक रही है और केवल छह अधीक्षण अभियंताओं से ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मंत्री ने बताया कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में भूमिगत बिजली तारें बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। परिस्थितियों के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी, जिससे खंभे गिरने या तार टूटने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी और बिजली सप्लाई अधिक सुरक्षित व भरोसेमंद बनेगी।
अनिल विज ने यह भी जानकारी दी कि हिसार के खेदड़ में बिजली की नई यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके लिए सरकार को कोल आवंटन की मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि किसी भी थर्मल यूनिट के लिए कोयले की मंजूरी जरूरी होती है और अब मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
बरसात के मौसम में सब-स्टेशनों में पानी भरने की समस्या पर मंत्री ने कहा कि जहां-जहां जलभराव होता है, वहां के सब-स्टेशनों को ऊंचा उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बारिश के दिनों में बिजली कटौती की समस्या से बचा जा सकेगा।
परिवहन विभाग को लेकर अनिल विज ने बताया कि हरियाणा रोडवेज के आधुनिकीकरण की दिशा में काम तेजी से किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिससे बसों की आवाजाही की सटीक जानकारी यात्रियों को मिल सकेगी। इसके साथ ही ऐप के माध्यम से भी यात्रियों को बसों की लोकेशन और समय की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों में भाजपा एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करेगी। वहीं प्रदेशाध्यक्ष के चयन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।