ऊना, राकेश-: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊना जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईडी, एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने घुसाड़ा क्षेत्र में विशेष नाका लगाकर एक कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की हैं। कार्रवाई पुलिस थाना अंब के प्रभारी रूप सिंह के नेतृत्व में की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से ट्रामाडोल की 31,800 गोलियां, अल्प्राजोलम की 3,765 गोलियां तथा प्रेगाबालिन की 8,000 गोलियां बरामद कीं। ये सभी दवाएं प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और इनकी अवैध सप्लाई पर सख्त रोक है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन दवाइयों की खेप को हिमाचल प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था। संयुक्त टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध खेप के संभावित खरीदार कौन थे।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार सतर्क है और नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।