धर्मशाला, राहुल-:जिला कांगड़ा के शाहपुर में 24 और 25 फरवरी को दो दिवसीय राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 300 से अधिक खिलाड़ी और ऑफिशियल भाग लेंगे। आयोजन वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश की जिला कांगड़ा इकाई की ओर से किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 24 फरवरी को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे। समापन अवसर पर कांगड़ा-चंबा के सांसद राजीव भारद्वाज विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
संघ के जिलाध्यक्ष कमल कुमार शर्मा और ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रदीप शर्मा ने धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की पुरुष और महिला वर्ग की कुल 24 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक जिले से दो टीमें भाग लेंगी। जिला कांगड़ा टीम के चयन के लिए 19 फरवरी को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।प्रतियोगिता के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता के उद्देश्य से छह किलोमीटर की हाफ मैराथन भी आयोजित की जाएगी, जो शाहपुर से रेत तक होगी। हाफ मैराथन में महिला और पुरुष वर्ग में पहले पांच स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।