जालंधर | जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने संतोखपुरा इलाके में पशुपालन विभाग के डॉक्टर यशपाल के घर पर की गई अंधाधुंध फायरिंग की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को बटाला से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल, बाइक और फायरिंग की वीडियो बनाने वाला मोबाइल फोन भी बरामद किया है। हालांकि अधिकारियों की ओर से औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार वारदात के बाद पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए करतारपुर, सुभानपुर, ब्यास, रईया और बाबा बकाला के गांव तरसिक्का तक पहुंचीं। जांच में सामने आया कि आरोपी बाइक पर धार्मिक झंडे लगाकर फरार हुए थे, ताकि नाकाबंदी के दौरान उन्हें श्रद्धालु समझकर रोका न जाए। ब्यास टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में उनकी तस्वीरें कैद हुईं। करीब 250 कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने बटाला स्थित उनके ठिकाने का पता लगाकर सोमवार रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को विदेश में बैठे किसी व्यक्ति से डॉक्टर यशपाल के घर फायरिंग करने का टारगेट मिला था। हालांकि सौदे की रकम और साजिश के पीछे की असली मंशा की जांच अभी जारी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों के पास अन्य हथियार भी हो सकते हैं, इसलिए उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि बाइक सवार दो बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर रुककर उनकी गाड़ी और मकान पर लगभग 10 राउंड फायरिंग की थी। एक आरोपी गोली चला रहा था, जबकि दूसरा घटना की वीडियो बना रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। थाना-8 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शुरुआत में मामले को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा था, हालांकि डॉक्टर को किसी प्रकार की फिरौती कॉल नहीं मिली थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद और बड़े खुलासे हो सकते हैं।