Summer Express, जींद |हरियाणा के जींद जिले में सड़क हादसा हो गया। नरवाना से जींद की ओर आ रही किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित एक निजी बस रास्ते में ऑटो से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार करीब 40 यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को उपचार के लिए जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। हालांकि बस चालक संदीप की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस नरवाना से जींद की ओर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक ऑटो से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं नागरिक अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।