summer express , सिरसा। गांव रोड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में शिक्षक को डेप्यूटेशन पर दूसरे स्कूल भेजे जाने के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब ढाई घंटे चले विरोध के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर डेप्यूटेशन पर भेजे गए शिक्षक को वापस रोड़ी स्कूल में नियुक्त करने का निर्णय लिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
धरने का नेतृत्व कर रहे ग्रामीण वकील सिंह ने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला रोड़ी में पांचवीं कक्षा तक करीब 200 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल में शिक्षकों के सात पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से दो पद पहले से खाली हैं। वर्तमान में पांच शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें से एक शिक्षक पिछले करीब दो महीने से एसआईआर ड्यूटी पर तैनात है। ऐसे में केवल चार शिक्षक ही स्कूल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार, इन चार शिक्षकों में से भी एक शिक्षक को शिक्षा विभाग ने गांव कुरंगावाली के स्कूल में डेप्यूटेशन पर भेज दिया। इससे रोड़ी स्कूल में शिक्षकों की कमी और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना था कि पहले से ही शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, ऐसे में एक और शिक्षक को दूसरे स्कूल भेजना विद्यार्थियों के हित में नहीं है।
शिक्षक के डेप्यूटेशन की जानकारी मिलने के बाद बुधवार सुबह करीब 8 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर के बाहर एकत्रित हुए और विरोध शुरू कर दिया। करीब 150 ग्रामीणों ने धरने में हिस्सा लेते हुए विभाग के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला भी जड़ दिया।
मामले की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने उनकी मांग पर विचार करते हुए कुरंगावाली भेजे गए शिक्षक को वापस राजकीय प्राथमिक पाठशाला रोड़ी में भेजने का निर्णय लिया। विभाग के इस आश्वासन के बाद करीब साढ़े 10 बजे ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और स्कूल का ताला खोल दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य स्कूल की व्यवस्था बाधित करना नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने से रोकना था। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की कि स्कूल में खाली पड़े शिक्षकों के पद जल्द भरे जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके।