यमुनानगर | पहाड़ों में मूसलाधार बारिश के बाद अब मैदानी इलाकों पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को सोम नदी उफान पर आ गई थी, जिसका विकराल रूप आज भी धरातल पर नजर आ रहा है। सैकड़ों एकड़ फसल पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है और खेतों में पानी अभी भी भरा हुआ है।
पिछले 24 घंटे से छछरौली से लेदी गांव जाने वाली सड़क पर नदी का पानी ओवरफ्लो हो रहा है। तेज बहाव के कारण वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे हैं, जबकि कई वाहन वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं। इससे दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी टूट गई है और रोज़गार की तलाश में शहर जाने वाले लोग भी घर लौट रहे हैं।
राहगीरों का कहना है कि इस सड़क की हालत वर्षों से यही है। प्रशासन हर बार दावे तो करता है लेकिन हालात जस के तस बने रहते हैं। तेज बहाव से सड़क जगह-जगह टूट चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनसे होकर वाहन चालक बमुश्किल निकल पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां पुलिया का निर्माण किया जाए, ताकि भविष्य में फसलें जलमग्न न हों और गांवों में पानी भरने की समस्या खत्म हो सके।