Summer express/ऊना, राकेश:खेलो इंडिया अभियान के तहत आयोजित ट्राइबल गेम्स में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। छत्तीसगढ़ के मोरबूज में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदेश के पहलवानों ने दमदार खेल दिखाते हुए कुल 14 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद जैसे ही खिलाड़ी ऊना स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल पहुंचे, उनका जोरदार स्वागत किया गया। खिलाड़ियों ने अपनी ट्रॉफियां और पदक मीडिया के सामने प्रदर्शित किए और अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों का मुंह मीठा करवाकर उनकी इस सफलता का जश्न मनाया गया।
मीडिया से बातचीत करते हुए खिलाड़ी प्रिंस पठानिया ने बताया कि यह पहली बार है जब खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में हिमाचल प्रदेश ने कुश्ती में ओवरऑल खिताब जीता है। उन्होंने बताया कि टीम में लड़कों के साथ-साथ दो लड़कियों ने भी हिस्सा लिया और उन्होंने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड सहित अन्य पदक जीते।खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और कोच की बेहतरीन ट्रेनिंग को दिया। उनका कहना था कि टीम ने लंबे समय तक कठिन प्रशिक्षण लिया, जिसका परिणाम आज पूरे प्रदेश के सामने है।इस उपलब्धि ने न केवल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया है, बल्कि राज्य के अन्य युवाओं को भी खेलों की ओर प्रेरित किया है। हिमाचल के इन खिलाड़ियों की इस कामयाबी ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।