बिलासपुर, सुभाष : हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स को लेकर विवाद एक बार फिर उभर कर सामने आया है। इस मुद्दे के विरोध में पंजाब से आए लोगों ने देहनी क्षेत्र के पास सड़क पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एंट्री टैक्स का यह फैसला उनके लिए आर्थिक बोझ बन गया है और इससे रोज़गार पर भी असर पड़ रहा है। खासकर टैक्सी और अन्य वाणिज्यिक वाहन चालकों ने इस निर्णय के खिलाफ नाराज़गी जताई। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के लिया गया यह फैसला दोनों राज्यों के लोगों के बीच परेशानी पैदा कर रहा है।इस दौरान स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि यह मुद्दा पहले भी विधानसभा में उठाया गया था, लेकिन सरकार ने इस पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया।डॉ. जनक राज ने सरकार के निर्णय को जनविरोधी बताते हुए कहा कि इससे न केवल वाहन चालकों बल्कि आम जनता को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक एंट्री टैक्स वापस नहीं लिया जाता या इसमें संशोधन नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है।