Summer Express,रेवाड़ी |रेवाड़ी-रोहतक रेलवे लाइन पर बृहस्पतिवार सुबह एक सैलून संचालक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना स्थल के पास मृतक की बाइक भी खड़ी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गांव करनावास निवासी लगभग 40 वर्षीय सुरेंद्र के रूप में हुई है, जो अपने गांव में सैलून चलाता था। वह बुधवार शाम दुकान बंद करने के बाद घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और बाद में पुलिस को सूचना दी।
बृहस्पतिवार सुबह गोकलगढ़ गांव के पास नहर के समीप रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की जानकारी मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास ही सुरेंद्र की बाइक भी खड़ी मिली।
फिलहाल, मृतक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के पीछे दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।