Summer express,फरीदाबाद |फरीदाबाद के ऐतिहासिक गांव सिही में सीवर के मेनहोल ओवरफ्लो होने से गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जब गांव में सीवर लाइन डाली गई थी, तब उस समय आबादी कम थी और आवश्यकताएं भी सीमित थीं। लेकिन समय के साथ गांव की आबादी काफी बढ़ गई है, जबकि सीवर सिस्टम अभी भी पुराना ही है। इसी कारण सीवर के मेनहोल ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़कों और गलियों में फैल रहा है।
जलभराव की यह समस्या उस क्षेत्र में और गंभीर हो जाती है, जहां पास ही संत शिरोमणि कवि सूरदास का सूर स्मारक और महादेव का प्राचीन मंदिर स्थित है। ग्रामीणों को जलभराव के बीच से होकर इन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तक जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती आबादी को देखते हुए अब नई और बड़ी क्षमता वाली सीवर लाइन बिछाई जानी चाहिए, ताकि हर बार होने वाले जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और क्षेत्र की स्वच्छता व जनजीवन प्रभावित न हो।