Summer Express,हिसार | हिसार से संचालित हवाई सेवाओं में 1 मई से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत जयपुर रूट की फ्लाइट के दिन, समय और किराए में संशोधन किया गया है। अब यह फ्लाइट मंगलवार और गुरुवार की बजाय सोमवार और बुधवार को संचालित होगी।
नई समय-सारिणी के अनुसार, हिसार से जयपुर जाने वाली उड़ान अब दोपहर 2:35 बजे के बजाय शाम 4:30 बजे रवाना होगी और 5:30 बजे जयपुर पहुंचेगी। यात्रियों को अब अपनी यात्रा की योजना नए समय के अनुसार बनानी होगी।
इसके साथ ही विभिन्न रूट्स पर हवाई किराए में भी बढ़ोतरी की गई है। जयपुर का किराया लगभग 2400 रुपये से बढ़कर करीब 3000 रुपये हो जाएगा। अयोध्या रूट का किराया 5075 रुपये से बढ़कर 5495 रुपये कर दिया गया है। दिल्ली रूट पर टिकट 1991 रुपये से बढ़कर 2306 रुपये और चंडीगढ़ रूट पर 2135 रुपये से बढ़कर 2450 रुपये हो जाएगा।
किराए में यह बढ़ोतरी बढ़ते परिचालन खर्च और ईंधन की कीमतों में हुई वृद्धि के कारण बताई जा रही है। हाल ही में वित्त मंत्रालय द्वारा जेट फ्यूल (ATF) पर ड्यूटी बढ़ाकर 42 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और क्षेत्रीय तनाव का भी असर विमानन लागत पर पड़ा है।
अधिकारियों के अनुसार, 1 मई से लागू होने वाला यह नया शेड्यूल और किराया ढांचा यात्रियों की सुविधा और परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है।