Summer express, ऐलनाबाद | हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र में नोहर रोड स्थित ढाणी शेरावाली से केहरवाला रोड पर स्थित इंडियन बायो फ्यूल्स फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में फैक्ट्री में रखा करीब 1000 क्विंटल पराली पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि लाखों रुपये की मूल्यवान मशीनरी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, मशीनों के संचालन के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
फैक्ट्री मालिक दीपक गोयल ने बताया कि यहां पराली से मिट्टी तैयार करने का कार्य किया जाता है। मंगलवार शाम उत्पादन कार्य के दौरान यह हादसा हुआ, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक फैक्ट्री में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
अच्छी बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।