फरीदाबाद | सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला में शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे मनोरंजन पार्क में लगे हैमर झूले का हादसा हो गया। झूले के 14वें राउंड के दौरान अचानक टूटने से करीब 30 सवारियां गिर गईं, जिससे चीख-पुकार मच गई और पूरे पार्क में अफरा-तफरी फैल गई।
इस दौरान मेला मुख्य चौपाल पर सांस्कृतिक संध्या की तैयारियां चल रही थीं, जिसमें गायक नवीन पुनिया और स्टैंडअप कॉमेडियन अमित टंडन की प्रस्तुति होनी थी। छुट्टी के दिन होने के कारण मेले में भारी भीड़ थी।
हादसे के तुरंत बाद मेला अधिकारियों ने एंबुलेंस को बुलाया और घायलों को पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-88 से आए राहुल ने बताया कि उनके बच्चे झूलने की जिद कर रहे थे और अगला नंबर उनका ही था, तभी हादसा हुआ। वहीं, जवाहर कालोनी की रहने वाली शिब्बू ने बताया कि स्विंग बोट झूले में झूलने की तैयारी थी, लेकिन दुर्घटना के कारण सभी झूले रोक दिए गए।
पुलिस और जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मनोरंजन पार्क को खाली कराया और वहां जाने का रास्ता बंद कर दिया। जिला उपायुक्त आयुष कुमार समेत अन्य अधिकारी दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर चुके हैं। मेले में पहले ही सुरक्षा और बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चेतावनी दी जा रही थी। हादसे के बाद मेले में सुरक्षा और निगरानी और कड़ी कर दी गई है।