Summer express,फरीदाबाद | फरीदाबाद में कुख्यात ‘बंदर-भालू’ गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपियों के सिर मुंडवाए और उन्हें उसी इलाके में पैदल परेड के लिए ले जाया गया, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और अपराधियों में कानून का डर पैदा करना है।
बल्लभगढ़ की भुद्दत कॉलोनी निवासी प्रवीण पर 4–5 बदमाशों ने हमला कर दिया था। आरोपियों ने हथौड़ों और डंडों से पीड़ित पर हमला किया, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से टूट गए। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हमला पुरानी जमीन की रंजिश के चलते किया गया था। इस वारदात में ‘बंदर-भालू’ गैंग की भूमिका पाई गई, जिसका नेतृत्व विजेंद्र उर्फ ‘बंदर’ और बलराज उर्फ ‘भालू’ कर रहे हैं। इनके साथ हर्ष, सेबिन और आर्यन भी शामिल बताए जा रहे हैं।
सिटी थाना प्रभारी के अनुसार, मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को भुद्दत कॉलोनी ले जाकर घटनास्थल की निशानदेही करवाई और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनकी पैदल परेड कराई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।