Summer express, बाड़मेर | राजस्थान के बाड़मेर जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। बायतू थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय बस में कुल 36 बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में 14 वर्षीय छात्र वीरधाराम, निवासी भीमरलाई, को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हुए आठ बच्चों को पहले बायतू अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बालोतरा रेफर कर दिया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।