Summer Express, मुक्तसर | पंजाब के मुक्तसर जिले के लंबी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव फतेहपुर मनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रमनदीप कौर, पत्नी प्रीतम सिंह, के रूप में हुई है, जो केंद्र में सहायिका के पद पर कार्यरत थीं।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है, जब रमनदीप कौर केंद्र में अकेली मौजूद थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनका गला काट दिया गया और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी कार में लिफ्ट लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति भागते हुए नजर आया है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसपी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है।
मृतका के पति प्रीतम सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी रोजाना की तरह सुबह ड्यूटी पर गई थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें हत्या की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।