Summer express, बहादुरगढ़। सीवर की सफाई के दौरान एक प्लंबर की मौत के बाद बहादुरगढ़ में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर नागरिक अस्पताल परिसर में बड़ी पंचायत आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
पंचायत की अगुवाई दलाल खाप 84 के प्रधान भूप सिंह ने की। पंचायत में महिलाओं और पुरुषों समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मृतक परिवार के लिए आर्थिक मदद और अन्य सुविधाओं की मांग उठाई।
मृतक का शव फिलहाल नागरिक अस्पताल में रखा गया है। पंचायत और परिजनों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक न तो पोस्टमार्टम होने दिया जाएगा और न ही शव उठाने दिया जाएगा।
परिजनों और पंचायत ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, पत्नी के लिए स्थायी पेंशन और बच्चे के लिए भविष्य में मुफ्त एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
पंचायत के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि सीवर सफाई जैसे जोखिम भरे कार्यों में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक अनदेखी का परिणाम हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी पंचायत प्रतिनिधियों से लगातार बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल परिजन और पंचायत अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।