बैंकों से लोन लेकर डाली हैं गाड़ियां, दाम बढ़ते रहे तो होगी मुश्किल
धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ कमर्शियल वाहन चालकों की चिंता भी बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों से ईंधन के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने लगा है। चालकों का कहना है कि सरकार जिस तेजी से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा रही है, उसी अनुपात में किराए में भी बढ़ोतरी की जानी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
वाहन चालकों ने बताया कि अधिकतर लोगों ने बैंकों से लोन लेकर अपनी गाड़ियां खरीदी हैं और इन्हीं के जरिए परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर इसी तरह पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते रहे तो उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।जानकारी के अनुसार, 15 मई को प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2 रुपये 95 पैसे, सामान्य पेट्रोल में 2 रुपये 90 पैसे और डीजल में 2 रुपये 73 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई को पेट्रोल के दाम में 85 पैसे और डीजल में 88 पैसे का इजाफा किया गया। वहीं अब एक बार फिर पेट्रोल के दाम में 87 पैसे और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की गई है। लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।कमर्शियल वाहन चालकों ने सरकार से मांग की है कि बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों को देखते हुए गरीब और मध्यम वर्ग के हितों का भी ध्यान रखा जाए।