Summer express, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए रेल हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिए और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिए।
पहला हादसा बालाजी कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। बताया जा रहा है कि गांधी नगर की ओर जा रही ‘गांधी नगर कैपिटल एक्सप्रेस’ की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन के गार्ड ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी टीम मौके पर पहुंची।
दूसरी घटना करनाल रोड स्थित रेलवे फाटक के नजदीक हुई, जहां एक अन्य युवक ट्रेन की टक्कर का शिकार हो गया। पुलिस ने दोनों स्थानों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे पुलिस की जांच में एक मृतक की पहचान दूबल गांव निवासी 30 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक विक्रम दिहाड़ी मजदूरी करता था और हादसे वाली रात काम से लौटकर घर नहीं पहुंचा था। सुबह उसके शव मिलने की सूचना परिवार को मिली। वहीं दूसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले।
जीआरपी चौकी की जांच अधिकारी सीमा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को तड़के करीब 4 बजे हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच जारी है।